शहर में चेन और मोबाइल झपटमारी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। शुक्रवार दोपहर एक्टिवा सवार महिला के गले से पल्सर बाइक पर आए नकाबपोश बदमाश ने डेढ़ तोला सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। पुलिस को आसपास लगे कैमरों से फुटेज मिला है, जिसमें आरोपी स्पष्ट दिख रहा है। रिकॉर्ड के अनुसार शहर में अब तक सवा सौ से ज्यादा झपटमारी की घटनाएं हो चुकी हैं। बाग सेवनिया पुलिस ने बताया कि बसंत कुंज निवासी तरण सहगल सीमेंट सप्लायर हैं और उनके बच्चे साकेत नगर स्थित प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। उनकी प|ी वर्षा सहगल शुक्रवार को बच्चों का आधार अपडेट कराने स्कूल गई थीं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने बच्चों को स्कूल वैन से भेज दिया और एक्टिवा से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एम्स और एम्प्री (आरआरएल) के बीच पीछे से आए काली पल्सर सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनकी चेन लूट ली। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इधर, पुलिस ने पिछले महीने मोबाइल झपटमारी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने 12 नवंबर को शाम 7:15 से रात 8:15 के बीच एक घंटे में छह मोबाइल लूट की वारदातें की थीं और कुल नौ वारदातें कबूल की थीं। गिरोह पैदल जा रहे युवकों को निशाना बनाता था।


