गुजरात से अयोध्या के लिए साइकिल यात्रा पर निकले छह श्रद्धालु रविवार को शाजापुर पहुंचे। श्री राम ग्रुप, घोघा (गुजरात) के देखरेख में यह यात्रा समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सद्भावना का संदेश देने के उद्देश्य से की जा रही है। यात्रियों ने दैनिक भास्कर को बताया कि उनकी यह धार्मिक और सामाजिक साइकिल यात्रा कुल 1430 किलोमीटर की है। इसे 15 से 16 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। श्रद्धालु प्रतिदिन 100 से 120 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। साइकिल यात्रा में शामिल श्रद्धालु संजय ने बताया कि रविवार को उनकी यात्रा का सातवां दिन था। शाजापुर पहुंचने से पहले वे उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों ने बताया कि मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से उन्हें सहयोग मिल रहा है। भोजन और पानी की व्यवस्था लोग स्वेच्छा से करते हैं, जबकि रात्रि विश्राम के लिए धर्मशालाओं और मंदिरों का उपयोग किया जाता है। श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि उनकी यह यात्रा लोगों को सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता के लिए प्रेरित करेगी।


