युवती पर फायरिंग एक तरफ़ा प्यार में हुई थी। आरोपी ने युवती को कॉल कर कहा था की वह शादी के लिए हां बोल दे नहीं तो 10 मिनट में उसपर फायरिंग हो जाएगी। बांसवाड़ा शहर के खांटवाड़ा शेरे विलास घाटी इलाके में 2 दिसंबर 2025 की शाम को हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी अल्फेज खान, पीड़िता से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने जान से मारने की नीयत से अपने साथियों से फायरिंग करवाई थी। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी के सुपरविजन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की। धमकी के 10 मिनट बाद हुई फायरिंग कायनात खान निवासी खांटवाड़ा ने राजतलाब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 2 दिसंबर की शाम करीब 7 बजकर 8 मिनट पर दो अज्ञात व्यक्ति बाइक पर उनके घर के बाहर आए और हॉर्न बजाया। जैसे ही वह गेट खोलने गईं, बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। पीड़िता तुरंत दौड़कर अंदर भाग गईं और बच गईं। पीड़िता ने बताया कि घटना से ठीक 10 मिनट पहले आरोपी अल्फेज का फोन आया था। अल्फेज जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था और धमकी दी थी कि तू मुझसे शादी करने के लिए हां बोल, वरना 10 मिनट में तुझे गोली मरवा दूंगा। पीड़िता द्वारा फोन काटने के 10 मिनट बाद ही यह फायरिंग की घटना हुई। तीन पकड़े, मास्टरमाइंड फरार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपियों राहील खान उर्फ पेट्रोल शूटर, निवासी प्रतापगढ़, मोहम्मद ताहिर उर्फ गोलु निवासी रतलाम और समीर खान निवासी रतलाम हाल मुकाम बांसवाड़ा को डिटेन किया। गहन पूछताछ में तीनों अभियुक्तों ने फायरिंग की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया की प्रारंभिक पूछताछ में पाया गया कि अल्फेज खान युवती से शादी करना चाहता था और शादी से मना करने पर उसने जान से खत्म करने के लिए फायरिंग करवाई। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों से अनुसंधान जारी है, जबकि अल्फेज खान की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


