रीवा के संजय गांधी अस्पताल में सोमवार को दोपहर 12 बजे एक नवजात बच्ची का शव कुत्तों का निवाला बन गया। यह घटना अस्पताल के सिटी स्कैन सेंटर के पीछे हॉल में देखने को मिली। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कुत्ते ने जिस बच्ची के शव को निशाना बनाया है, उसे परिजन वहां छोड़ गए थे। बताया गया कि नवजात बच्ची के शव के पास कुत्तों का झुंड उसे नोच रहा था। इस दौरान कई अस्पताल के कर्मचारी यह दृश्य तमाशबीन बनकर देख रहे थे। मीडिया के संज्ञान में आने के बाद आनन-फानन में अस्पताल के कर्मचारी बच्ची के शव को पॉलीथिन में भरकर ले गए। डिलीवरी के 1 घंटे बाद हो गई थी मां की मौत
इस घटना के प्रकाश में आने के बाद अस्पताल में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। पूरे मामले में संजय गांधी अस्पताल के सीएमओ यत्नेश त्रिपाठी का कहना है कि सिंगरौली के बरिगवा से एक महिला डिलीवरी के लिए लाई गई थी। बच्ची के जन्म के 1 घंटे के बाद ही उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद नवजात का शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया था। संभवतः शव उसी बच्ची का है। परिजनों ने शव को ऐसे क्यों छोड़ दिया, इसकी जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर के भीतर किसी को भी शव छोड़ने की अनुमति नहीं है। किसकी लापरवाही से पूरी घटना हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस को भी सूचना दी गई है, जांच में जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी, उस पर कार्रवाई होगी।


