उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी के लिए सोमवार से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हुई। यहां पहली उड़ान सेवा सुबह 11 बजे मीन भगवान उतरी। जहां कलेक्टर देवेन्द्र कुमार, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, महवा विधायक राजेन्द्र मीणा, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। दिल्ली-जयपुर से सीधे मेहंदीपुर बालाजी यह परियोजना जिला प्रशासन एवं पर्यटन मंत्रालय के आग्रह पर शुरू की गई है। इस नई पहल के तहत श्रद्धालु अब दिल्ली, जयपुर तथा दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे (पीनान रेस्ट एरिया) से सीधे मेहंदीपुर बालाजी की हवाई यात्रा कर सकेंगे। इसका उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, तेज और आधुनिक सुविधाओं से युक्त हवाई यात्रा प्रदान की जा सके। ऐसे में दिल्ली और जयपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए प्रसिद्ध धर्मस्थल मेहंदीपुर बालाजी समेत अन्य पर्यटक स्थलों की विजिट की जा सकेगी। धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी ‘पंच गौरव’ योजना में शामिल है। यहां बालाजी के दर्शन करने के लिए देश के विभिन्न भागों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिनके लिए रेल एवं सड़क मार्ग से आवागमन की अच्छी सुविधा उपलब्ध है। वहां धार्मिक पर्यटन के विकास की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने से यहां धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा होने के साथ स्थानीय निकायों के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। भविष्य में जल्द ही दौसा जिले के अन्य पर्यटन स्थल जैसे आभानेरी आदि को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा।


