बिजली कटौती पर नाराज किसान, 200 लोग सड़क पर बैठे:अशोकनगर में 2 घंटे तक चक्काजाम; 10 घंटे तक बिजली देने की मांग

अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने विद्युत कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने लगभग दो घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम कर 10 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को खेतों की सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। भारतीय किसान संघ के जैविक मंत्री जगराम सिंह यादव ने बताया कि पिछले 5-6 दिनों से ट्यूबवेल चलाने के लिए आने वाली बिजली की भारी कटौती हो रही थी। किसानों को एक दिन में केवल 1 से 2 घंटे ही बिजली मिल पा रही थी। इसी के विरोध में पहाड़ा, चक्क चिरौली, म्यापुर, रैझा, खाईखेड़ा, खैरोना, चक्क सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण एकत्र हुए थे। यादव ने आगे बताया कि लगातार बिजली कटौती के कारण ग्रामीण आक्रोशित थे और धीरे-धीरे किसानों की भीड़ बढ़ती गई। सुबह करीब 10:30 बजे लगभग 200 ग्रामीणों ने चक्का जाम शुरू कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की, जिसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करवाया। इसके बाद यातायात क्लियर हो सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *