डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के आसियावाव गांव में एक महिला का शव कुएं में मिला है। महिला पिछले चार दिनों से लापता थी। पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिछीवाड़ा थाने के एसआई अब्दुल मुनाफ ने बताया कि आसियावाव निवासी सोमेश्वर ने अपनी पत्नी किरन (42) गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार किरन 4 दिसंबर को घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। आज महिला का शव उसके घर से कुछ दूरी पर खेत में बने एक कुएं में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीहर पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर किरन की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। एसआई अब्दुल मुनाफ के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


