अनूपपुर कलेक्टर ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के नर्मदा सभागार में टाइम लिमिट बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को गंभीरता से लेने के लिए कहा। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा है कि सीएम हेल्पलाइन के मामलों के निराकरण में मेहनत एवं गंभीरता की आवश्यकता है। जिले के सभी अधिकारी गंभीरता के आधार पर सीएम हेल्पलाइन मामलों का निराकरण कराएं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी रुचि लेते हुए प्रत्येक हितग्राहियों से स्वयं चर्चा करें तथा शत प्रतिशत सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण करें। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में जो भी जवाब अधिकारियों द्वारा फीड किया जाता है, वह जवाब गुणवत्ता पूर्ण होना चाहिए। अनावश्यक जवाब दर्ज न किए जांए। बैठक में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियो से कहा कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरण में फोर्स क्लोज शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक जवाब दर्ज करने के बाद ही बंद करें। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्र का भ्रमण करें तथा मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज कराएं तथा इनका निराकरण कराना भी सुनिश्चित करें, जिससे लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके। बैठक में कलेक्टर ने 16 जनवरी को शहडोल में हो रहे रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव की तैयारी के संबंध में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर ने कॉन्क्लेव के दौरान लगाई जाने वाली प्रदर्शनी, उद्योगपतियों एवं व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण को लेकर निर्देश दिए कलेक्टर ने अमरकंटक में होने वाले नर्मदा महोत्सव की तैयारी के संबंध में भी चर्चा की। नर्मदा जयंती महोत्सव का ले-आउट, आमंत्रण पत्र, प्रदर्शनी, मैंकल पार्क में योग के तहत थीम का रंग रोगन, योग टीम, ट्रैकिंग, शोभायात्रा, रामघाट पर तीन दिन तक सायंकाल में आरती, लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति, रोड की साफ सफाई, लाइटिंग, घाटों की साफ सफाई, डस्टबिन सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। इसी प्रकार कलेक्टर ने प्रसादम् योजना के अंतर्गत अमरकंटक में निर्माणाधीन कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी पुष्पराजगढ़ को नर्मदा महोत्सव के दौरान अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।


