मऊगंज में बाइक डिवाइडर से टकराई:दो नाबालिग लड़के घायल, SP ने पहुंचाया अस्पताल; शाहपुर के खटखरी जा रहे थे

मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में घायल हुए दो किशोरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यह घटना मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में हुई। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हाईवे नंबर 135 पर सेमरिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार सुखेंद्र यादव (17 वर्ष) और नरेंद्र यादव (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों किशोर बेलवा पैकान, थाना मनगवां के निवासी हैं और अपने घर से शाहपुर थाना क्षेत्र के खटखरी जा रहे थे। लौर थाने का निरीक्षण कर मऊगंज लौट रहे पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी की नजर सड़क पर पड़े घायलों पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी जीप रोकी और गनमैन की मदद से दोनों घायलों को उठाकर वाहन में बिठाया। SP सोनी स्वयं घायलों को लेकर सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचे, जहां उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया। नरेंद्र यादव की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर मऊगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घायलों के परिजनों को दुर्घटना और रीवा रेफर किए जाने की जानकारी दे दी है। पुलिस अधीक्षक के इस मानवीय कार्य की स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया पर सराहना की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *