बैतूल | बड़ोरा में एक ढाबे पर युवक पर चाकू से हमला कर फरार हुए अपचारी बालक को बैतूल बाजार पुलिस ने पकड़कर बाल न्यायालय पेश किया। घटना 6 दिसंबर की रात में हुई थी। घायल परमिंदर सिंह गिल (22) ने रिपोर्ट में बताया कि वह दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने गया था। बाहर निकलते समय अपचारी से सिगरेट मांगी, जिस पर उसने गाली- गलौज कर धारदार चाकू से पेट में वार कर दिया। बीच- बचाव करने आए आकाश को भी चोट आई। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने सोमवार को उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल किया। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना, उनि नरेंद्र ठाकुर, सउनि संजय कलम सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


