टेक्नोक्राफ्ट फैशन लिमिटेड में वेतन वृद्धि नहीं होने पर कर्मियों ने किया प्रदर्शन

बैतूल| डहरगांव स्थित टेक्नोक्राफ्ट फैशन लिमिटेड कंपनी में करीब 400 महिला सिलाई मशीन ऑपरेटरों ने वेतन वृद्धि नहीं होने के विरोध में मंगलवार को काम बंद कर प्रदर्शन किया। लंबे समय से वेतन बढ़ाने का आश्वासन पूरा न होने से नाराज महिलाओं ने कंपनी प्रबंधन से बातचीत के बाद बैतूल कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए श्रम विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। महिलाओं का आरोप है वे पिछले तीन वर्षों से कंपनी में काम कर रही हैं। प्रतिदिन सुबह 8:45 से शाम 6:30 बजे तक लगातार काम कराया जाता है, जबकि भोजन के लिए केवल 15 मिनट का समय मिलता है। कंपनी पहले एचएमटी के पास (इटारसी रोड) स्थित थी और अब डहरगांव स्थित उदय वेयरहाउस में शिफ्ट कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कुशल श्रमिक होने के बावजूद उन्हें अकुशल श्रमिकों से भी कम वेतन केवल 6,500 रुपए प्रतिमाह मिल रहा है। आठ महीने से वेतन वृद्धि का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई वृद्धि नहीं हुई। इसके अलावा छुट्टी के दिनों का वेतन काटा जाता है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कुछ अधिकारी काम के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। कई महिलाएं 40-50 किलोमीटर दूर से रोजाना आना-जाना करती हैं। लेकिन वाहन भत्ता केवल 10 रुपए मिलता है, जबकि बस या ऑटो का किराया 30 रुपए है। महिलाओं ने कुशल श्रमिक के अनुसार वेतन सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण और वाहन किराया बढ़ाकर 30 रुपए प्रतिदिन करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *