बहराइच में 8 साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गर्दन से दबोचकर उसे ले जाने लगा तो मां तेंदुए से भिड़ गई। करीब 2 मिनट के संघर्ष के बाद मां बच्ची को मौत के मुंह से खींच लाई। बच्ची के गले, सीने और कमर पर गहरा जख्म है। जबकि मां पूरी तरह से सुरक्षित है। घटना कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली रेंज स्थित रमपुरवा बनकटी गांव में रविवार रात की है। देर रात मां अपनी बेटी को बाथरुम कराने घर से बाहर ले गई थी। इसी दौरान तेंदुए ने अटैक किया। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे। भीड़ को देख तेंदुआ खेत की ओर भाग गया। बच्ची को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्ची की 2 तस्वीरें… मां बेटी को छुड़ाने के लिए तेंदुए पर टूट पड़ी
रमपुरवा बनकटी गांव के कृष्णा नंदन की बेटी सुंदरी (8) अपनी मां के साथ सो रही थी। देर रात बच्ची की मां उसे घर के बाहर नल के पास ले गई। पास में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। एक झटके में बच्ची का गर्दन पकड़ा और उसे खींचकर ले जाने लगा। तभी मां ने बच्ची को पकड़ लिया। मां ने तेंदुए के मुंह पर कई वार किए तो उसने बच्ची की गर्दन छोड़ी। इसके बाद उसने बच्ची के हाथ और कमर पर झपट्टा मारा। इस दौरान मां बच्ची को पकड़े रही और बेटी को तेंदुए से छुड़ाती रही। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब लोग दौड़े तब वह बच्ची को छोड़कर भागा। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। मां बोली- गनीमत रही उसने मुझ पर हमला नहीं किया
मां विमला ने बताया- मेरी बेटी पर तेंदुए ने बुरी तरह से हमला किया। कई जगह उसे गंभीर चोट आई है। गर्दन और सीने पर गंभीर घाव है। मैंने तेंदुए के चंगुल से किसी तरह बेटी को अपनी तरफ खींचा। गनीमत रही उसने मुझ पर हमला नहीं किया, नहीं तो हम दोनों की जान नहीं बच पाती। तेंदुए ने युवक पर भी किया था हमला
ग्रामीण अवधेश कुमार ने बताया- घटना की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई वनकर्मी नहीं पहुंचा। इससे पहले भी तेंदुआ हमला करके पालतू मवेशियों को निवाला बना चुका है। लेकिन तेंदुए को अभी तक पकड़ा नहीं गया है। रविवार शाम को कोतवाली मुर्तिहा के धर्मापुर गांव के श्रीचंद (35) पर भी तेंदुए ने हमला किया था। प्रभागीय वनाधिकारी बी शिवशंकर ने बताया- एक बच्ची पर तेंदुए ने हमला किया है। बच्ची का हालत खतरे से बाहर है। तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ——————— ये भी पढ़ें… लखीमपुर में खूंखार हुआ बाघ, युवक का चेहरा खा गया:लगातार दूसरे दिन अटैक; कल लड़के को जिंदा खा गया था लखीमपुर खीरी में आदमखोर बाघ खूंखार हो गया है। 24 घंटे में दूसरी बार हमला किया। खेत में काम करने गए युवक को खींच ले गया। उसके चेहरे पर वार किया। चेहरा और कान खा गया। चीख सुनकर आस-पास काम कर रहे किसानों ने शोर मचाया। लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो बाघ युवक को छोड़कर भाग गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसकी हालत गंभीर है। पढ़ें पूरी खबर…


