शहडोल के जैतपुर क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत है। एक महीने बाद गाड़ाघाट स्थित एचपी गैस गोदाम पर सिलेंडर की गाड़ी पहुंचने पर लोगों की लंबी कतारें लग गई। ग्रामीण पिछले एक महीने से गैस न मिलने से परेशान हैं, वहीं प्रशासन जिले में ऐसी किसी समस्या से इनकार कर रहा है। दिवाली के बाद से ही जिलेभर में एचपी गैस की आपूर्ति प्रभावित है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लगातार एजेंसी और ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग कर रहे थे, लेकिन सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण उन्हें वापस लौटा दिया जाता था। गैस न मिलने से उनके घरों में रोजमर्रा के काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण बोले-पिछले एक महीने से घर का गैस सिलेंडर खत्म ग्रामीण राजकुमार सिंह ने बताया कि पिछले एक महीने से उनके घर का गैस सिलेंडर खत्म हो चुका है। उन्होंने कई बार एजेंसी जाकर कर्मचारियों से बात की, लेकिन हर बार उन्हें गैस न होने की बात कहकर लौटा दिया जाता था। आज आपूर्ति आने की खबर सुनते ही वे लंबी लाइन में लग गए हैं, उम्मीद है कि उन्हें सिलेंडर मिल सकेगा। इसी तरह, ललन तिवारी ने बताया कि गैस न मिलने के कारण वे बीते दो सप्ताह से चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। वहीं, सुरेंद्र नामक ग्रामीण ने भीड़ की अधिकता को देखते हुए सिलेंडर मिलने में कठिनाई की आशंका जताई। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि स्थिति ऐसी ही बनी रही, तो आगामी त्योहारों और ठंड के मौसम में उनकी परेशानी और बढ़ जाएगी। उन्होंने प्रशासन से गैस आपूर्ति नियमित कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।


