भास्कर संवाददाता|दौसा लालसोट रोड पर संचालित टाइम फिटनेस क्लब में एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल महिलाओं से रूबरू हुए। इस दौरान एएसपी सोनवाल ने महिलाओं को साइबर क्राइम के प्रति जागरुक किया। उन्होंने कहा कि बदमाश प्रवृत्ति के लोग कॉल कर लालच के चंगुल में फंसा लेते हैं, जिनका मक्सद ठगी का होता है। ऐसे में कोई अनजान व्यक्ति बैंक से संबंधित डिटेल या ओटीपी नंबर मांगे तो उससे सावधान हो जाएं। भूल कर भी अनजान लोगों से कोई जानकारी शेयर नहीं करें। कुछ लोग इतने शातिर भी होते हैं कि वे आपके ही परिवार के किसी सदस्य की आवाज में बात भी करा सकते हैं। ऐसे में सामने वाले का फोन काटकर एक बार परिवार के उस सदस्य को कॉल कर देखे लें। कंफर्म होने के बाद ही आगे का निर्णय लें। इसके अलावा महिलाओं को स्वस्थ और फिट रहने के टिप्स भी दिए। कार्यक्रम संयोजक हैदर खान थे। उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल तथा अध्यक्षता नगर परिषदसभापति कल्पना जैमन ने की। वहीं अति विशिष्ट अतिथि डिप्टी एसपी दौसा रवि प्रकाश शर्मा, डिप्टी एसपी नांगल राजावतान चारूल गुप्ता, प्रशिशु जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा, कोतवाल हीरालाल सैनी, डॉ. घनश्याम खंडेलवाल, मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लैम सौंदर्य प्रतियोगिता के डायरेक्टर पवन टांक थे। दीप प्रज्वलन के साथ अतिथियों का कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों के स्वागत सत्कार के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ। विशेष रूप से एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल का आईपीएस बनने की खुशी में उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान एएसपी लोकेश सोनवाल की अगुवाई में साइबर क्राइम से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया। टाइम फिटनेस क्लब व दा लेडीज क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, डॉ. ज्योति मीणा, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष रुक्मिणी देवी, साहित्यकार डॉ. निर्माल शर्मा, जिला मंत्री भाजपा किरण डोरिया, इनव्हील क्लब अध्यक्ष डिंपल वधावन, नारी शक्ति शोभा ट्रस्ट जिलाध्यक्ष अर्चना बड़ाया, रोटेरियन हितेशा शहारा व रोटेरियन नवल खंडेलवाल आदि मौजूद थे।


