भास्कर संवाददाता | चूरू एसपी जय यादव ने सोमवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राइम बैठक ली। उन्होंने सभी एसएचओ से कहा कि सर्दी का समय है, इस मौसम में चोर सक्रिय रहते हैं। ऐसे में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से बातचीत कर या उनकी मीटिंग बुलाकर उनसे दुकानों के आगे निजी तौर चौकीदारी के लिए पहरेदार नियुक्त करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने चोरी-नकबजनी जैसी वारदातें पब्लिक के सहयोग के बिना रोकना संभव नहीं है। एसपी ने एसएचओ से कहा कि थाने में आने वाले परिवादी के साथ पुलिस अधिकारी संवेदनशीलता के साथ बात करें। उनकी समस्या सुनकर हरसंभव समाधान करने का प्रयास करें। एसपी यादव ने कहा कि चूरू पुलिस की ओर से गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष भी अच्छा काम किया जाएगा। गैंगवार व संगठित अपराधों में कमी लाई जाएगी। वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा समय समय पर अभियान चलाया गया है। पुलिस ने आबकारी एक्ट में अवैध शराब, डोडापोस्त, गांजा और अफीम पकड़ने की काफी कारवाई की है। यादव ने कहा कि जिले के पुलिस अधिकारी अपने-अपने थानों में पेंडेंसी की संख्या में कमी लाएं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से फरार चलने वाले वांटेड अपराधियों को पुलिस तुरंत हर स्थिति में गिरफ्तार करें। मीटिंग में एएसपी लोकेंद्र ददरवाल, डीएसपी सुनील झाझड़िया, शहर कोतवाल मुकुट बिहारी सहित संबंधित एएसपी, वृत्ताधिकारी एवं एसएचओ मौजूद थे।


