खंडवा | नगर निगम द्वारा शहरी सीमा विस्तार पर समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की। बैठक में निगम उपायुक्त एसआर सिटोले ने सीमा के विस्तार को लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती जनसंख्या और लगातार हो रहे विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए शहरी सीमा का विस्तार करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। वर्तमान में नगर की सीमाओं के भीतर कई नई कॉलोनियां बस रही हैं, जिन्हें शहरी सीमा में शामिल करना आवश्यक है। इसके साथ ही प्राकृतिक सीमाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि भविष्य में शहर के विकास कार्य व्यवस्थित ढंग से हो सकें। बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से शहरी सीमा विस्तार के संबंध में सुझाव मांगे और निर्देश दिए कि गठित विशेष दल द्वारा सीमा विस्तार हेतु क्षेत्रों का भ्रमण किया जाए। इस दल द्वारा शहरी सीमा विस्तार के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जल्द ही प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय, प्रभारी बाजार अधिकारी प्रकाश राजपूत, प्रभारी राजस्व अधिकारी हरिशंकर दुबे, उपयंत्री आदर्श शर्मा, सर्वेश मिश्रा, भरत सुरजाये, राकेश कलम, मनीष झीले सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


