छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में अवैध धान की तस्करी का मामला सामने आया है। जहां नायब तहसीलदार पर मध्य प्रदेश का धान छत्तीसगढ़ में खपाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय से लगभग 100 किमी की दूरी पर छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र समनापुर में अवैध धान पकड़ा। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि वनांचल क्षेत्र रेंगाखार तहसील के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ही यह तस्करी रात 1 बजे कराई जा रही थी, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ा और वीडियो भी बनाया। वीडियो में तहसीलदार प्रेमनारायण साहू ने नाराजगी जताते हुए चोरी के आरोप में ग्रामीणों पर FIR कराने की धमकी भी दी। मामला झलमला थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने धान ला रहे ड्राइवर विजय बसंत के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। वह एमपी के बालाघाट के ग्राम छपला, थाना बिरसा से धान लेकर आया था। जांच में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। जिले में 24 चेकपोस्ट बनाए गए बता दें कि छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो गई है। तब से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिले कवर्धा में अन्य राज्यों से अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए कुल 24 चेक पोस्ट बनाए गए है। ग्रामीणों के मुताबिक लापरवाह कर्मचारियों की अनुपस्थिति या मिलीभगत से जिले में अवैध धान का परिवहन रातों रात हो रहा है, जिससे राज्य सरकार को करोड़ों का नुकसान हो रहा। 9 दिसंबर को गाड़ी रोककर वीडियो बनाया कवर्धा जिले के वनांचल गांवों समनापुर के रास्ते 9 दिसंबर की रात 1 बजे वाहन (क्रमांक CG 07 CE 4920) से अवैध धान का परिवहन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने गाड़ी को रोककर देखा तो धान भरा हुआ था। पूछताछ किए जाने पर ड्राइवर विजय बसंत ने मध्यप्रदेश ग्राम छपला थाना बिरसा जिला बालाघाट के धान को परिवहन किए जाने की बात कही। लेकिन कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इस दौरान कवर्धा जिले के रेंगाखार तहसील के नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू मौजूद थे। ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध धान परिवहन नायब तहसीलदार के सह पर ही किया जा रहा था। मामला उजागर होने पर झलमला थाना पुलिस ने ड्राइवर को आरोपी बनाया है। 2 लाख 44 हजार का सामान जब्त पुलिस ने मौके पर जब्त माल का मूल्यांकन कराया। वाहन की कीमत लगभग 2 लाख और धान की कीमत करीब 44 हजार आंकी गई है। कुल 2,44,000 रुपए का सामान जब्त किया गया। ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। जहां उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अवैध परिवहन के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जांच में जुट गई है। मामले में आगे कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। ‘तहसील की टीम और ग्रामीणों के बीच भ्रम की स्थिति’ वायरल वीडियो पर कवर्धा पुलिस ने स्टेटमेंट जारी किया है। बोड़ला SDM के मुताबिक अवैध परिवहन पर कार्रवाई के लिए पहुंची तहसील की टीम और स्थानीय लोगों के बीच भ्रम की स्थिति थी। दोनों वाहनों पर कार्रवाई की गई है। गाड़ियों को जब्त कर झलमला थाने को सुपुर्द किया गया है। मंडी सचिव ने शुरू की आगे की कार्रवाई जांच में एक वाहन में धान और एक वाहन में कोदो होना पाया गया। जिसके बाद मंडी सचिव ने आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोड़ला अनुविभाग के अंतर्गत अब तक अवैध परिवहन करते करीब 1451 क्विंटल धान और परिवहन में लिप्त 12 वाहन पकड़े गए हैं। स्थानीय युवकों ने घटना का वीडियो बनाया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। ……………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… पुलिस ने 4KM पीछा कर पकड़ा यूपी का अवैध धान…VIDEO: पहले दिन सिर्फ 10% केंद्रों में धान खरीदी, धमतरी में लटका ताला, 10 कर्मचारी बर्खास्त छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। पूरे प्रदेश में 2,739 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। सरकार के सख्त निर्देश के बाद भी पहले दिन मात्र 10 प्रतिशत यानि 195 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी हुई। इन केंद्रों के माध्यम से 19,464 क्विंटल धान खरीदा गया है। पढ़ें पूरी खबर…


