खड़गपुर | गेट बाज़ार से सटे अरोरा चौक बाजार में मंगलवार तड़के हुई बड़ी चोरी करने वाले आरोपी युवक की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। खड़गपुर टाउन थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी की इस घटना का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किये गये आरोपी का नाम आकाश नायक (20) है। वह खड़गपुर टाउन थाना क्षेत्र के गोलबाज़ार फिश मार्केट इलाके का निवासी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के साथ चोरी हुआ माल और 21 हजार 430 नकद बरामद किये हैं। जानकारी हो कि मंगलवार सुबह जब लक्ष्मी कोल्डड्रिंक्स के मालिक संतोष साहू ने दुकान का शटर खोला तो भीतर बिखरे सामान को देखकर वे स्तब्ध रह गए। चोर टीना तोड़कर दुकान में घुसे और कैश पेटी से करीब 80 हजार रुपये समेत कई कीमती सामान ले उड़े। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने सीसीटीवी के सभी तार काट दिये थे, ताकि फुटेज में कुछ भी रिकॉर्ड न हो सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।


