विशेष संवाददाता | रांची नव वर्ष नजदीक है। दिसंबर-जनवरी माह में लोग शहर के विभिन्न पार्कों, पिकनिक स्पॉट्स एवं टूरिस्ट स्थलों में जुटेंंगे। न्यू ईयर के इस सेलिब्रेशन को देखते हुए शहर के सभी पार्कों और चौक-चौराहों को संवारने की तैयारी चल रही है। इसको लेकर रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बुधवार को एक बैठक बुलाई गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वच्छता शाखा, इन्फोर्समेंट शाखा, हॉर्टिकल्चर शाखा, अभियंत्रण शाखा एवं बाजार शाखा शामिल हुए। प्रशासक ने बैठक में कहा कि आगामी नव वर्ष एवं छुट्टियों के दौरान शहरवासियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक वातावरण प्रदान करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दृष्टि से सभी शाखाओं को निर्देशित किया गया कि तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें, ताकि शहरवासी एवं पर्यटक नए वर्ष का उत्सव आनंदपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से मना सकें। उनके द्वारा विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अलग-अलग दिशानिर्देश भी दिए गए। रांची नगर निगम ने शहरवासियों व पर्यटकों से अपील की कि वे पार्कों और पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें। कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। बैठक में अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक रविंद्र कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक और सभी शाखाओं के अन्य कर्मी उपस्थित थे। हॉर्टिकल्चर शाखा : सभी पार्कों में मौजूद पौधों, बगीचों व ग्रीनरी की विशेष देखभाल की जाए, नए आकर्षक पौधे लगाए जाएं सभी पार्कों में पुरानी वस्तुओं, कचरे या रिसाइक्लेबल सामग्री से क्रिएटिव आर्टवर्क तैयार किए जाएं पार्कों और पर्यटक स्थलों को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पेड़ों की छंटाई कराई जाए स्वच्छता शाखा : सभी पार्कों, टूरिस्ट व पिकनिक स्पॉट पर युद्धस्तर पर नियमित साफ-सफाई हो, कचरा उठाव हो, डस्टबिन लगे सभी क्षेत्रों में फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाए अभियंत्रण शाखा : सभी पार्कों में जल्द से जल्द पेंटिंग और लैंडस्केपिंग कार्य सुनिश्चित किया जाए सभी पार्कों में लगे बेंच, दीवार, ग्रिल, एंट्री गेट की पेंटिंग ससमय पूर्ण हो इन्फोर्समेंट शाखा : भीड़ प्रबंधन, अनियंत्रित पार्किंग रोकने, स्थलों के आस पास अतिक्रमण नियंत्रण एवं नियम-उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई हेतु तैनात रहने का निर्देश दिया गया बाजार शाखा : निगम के बंदोबस्ती किए गए पार्कों के संवेदक को पार्क के साज सज्जा एवं सौंदर्यकरण कार्य करने का निर्देश दे रांची| राजधानी को एक स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और तकनीकी रूप से उन्नत शहर बनाने के लिए रांची नगर निगम ने सफाई में अब टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है।इससे न सिर्फ सफाई व्यवस्था की जाएगी, बल्कि प्रमाणित भी होगी। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप बुधवार को रांची नगर निगम ने व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस) और आरएफआईडी आधारित हाउसहोल्ड स्कैनिंग प्रणाली के सफल कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा हेतु प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक की। प्रणाली शहर को क्लीन, डिजिटल और 100% मॉनिटर्ड कचरा प्रबंधन सेवा की ओर ले जाएगी। आरएफआईडी का मतलब रेडियो-फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन है, जो एक वायरलेस तकनीक है और रेडियो तरंगों का उपयोग करके वस्तुओं, कचरों को स्वचालित रूप से ट्रैक करने के लिए इस्तेमाल की जाती है। इ समें एक टैग (चिप) और एक रीडर होता है, जो बारकोड के विपरीत बिना सीधी नजर में भी काम कर सकता है और कई वस्तुओं को एक साथ स्कैन करने की सुविधा देता है। आरएफआईडी आधारित स्मार्ट डोर-टू-डोर कलेक्शन अब हर घर की सफाई का डिजिटल रिकॉर्ड रखेगा। इससे नागरिक को प्रतिदिन पता होगा कि किस समय उनके घर का कचरा उठा। स्कैन छूटने पर सिस्टम स्वचालित सूचना भेजेगा। यदि शिकायत दर्ज की जाती है, तो डेटा रिकॉर्ड के आधार पर तुरंत समाधान होगा। कूड़ा उठा या नहीं, अब यह अनुमान नहीं, आरएफआईडी आधारित प्रमाण होगा। शिकायत करने पर कागजी प्रक्रिया नहीं, फास्ट डिजिटल रेस्पॉन्स होगा। आपके क्षेत्र की सफाई व्यवस्था डैशबोर्ड पर ट्रैक हो सकेगी। सेवा पारदर्शिता बढ़ने से निगम को लेकर लोगों की शिकायतें कम और विश्वास अधिक होगा। वीटीएस से अब शहर की हर कूड़ा गाड़ी की लाइव मॉनिटरिंग होगी। इस तकनीक के माध्यम से कूड़ा वाहन अपनी निर्धारित रूट पर है या नहीं पता लगाया जा सकेगा। प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि सफाई में नागरिकों को भी योगदान देना होगा। तकनीक का उपयोग रांची की सफाई व्यवस्था में नागरिकों के विश्वास, सेवा की पारदर्शिता और डिजिटल जवाबदेही का नया मानक स्थापित करेगा।


