अलवर में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। हालांकि सूरज निकलते ही मौसम साफ हो गया, लेकिन ठंड का असर अभी भी खूब महसूस किया जा रहा है। बुधवार को शहर के बाहरी इलाकों में सुबह करीब 10:30 बजे तक घनी धुंध रही। इसके बाद मौसम साफ होने लगा। दिन में धूप खिलने से ठिठुरन में कुछ राहत मिली, लेकिन किसानों के अनुसार तेज धूप के कारण फसलों की बढ़त धीमी पड़ गई है। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है।
1 से 10 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान 22.8 से 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 9.8 डिग्री के बीच रहा। सर्दी के इस मौसम में अब तक का सबसे कम पारा 6 और 7 दिसंबर को 5 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में और 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं 12 दिसंबर को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।


