दबंग ने लड़कियों पर बरसाए थप्पड़, टीशर्ट पकड़ गिराया, VIDEO:आम रास्ता बंद करने से रोका था; SCST-पॉक्सो में मामला दर्ज

भीलवाड़ा में आम रास्ता बंद करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की लड़कियों पर भी थप्पड़ बरसा दिए। घटना जिले के सदर थाना इलाके के एक गांव की है। इस मामले में 5 जनवरी को मामला दर्ज कराया गया। घटना के वीडियो मंगलवार को सामने आए हैं। सीओ सदर श्याम सुंदर विश्नोई ने बताया- सदर थाने में पीड़ित पक्ष ने 5 जनवरी को 16 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी थी। पुलिस ने मामला एससीएसटी और पॉक्सो एक्ट में दर्ज किया है। आरोप है कि करीब 30 लोगों ने उन पर हमला किया। नाबालिग लड़कियों और महिलाओं के साथ मारपीट की। उनके कपड़े फाड़े। उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। कई लड़कियां और महिलाएं घायल हुई हैं। उन्हें अंदरूनी चोटें लगी हैं। मामले की जांच की जा रही है। आने-जाने का पुराना रास्ता बंद कर रहे दबंग रिपोर्ट में पीड़ित पक्ष ने बताया- हम सदर थाना इलाके के गांव के निवासी हैं। गांव से खेतों-नाड़ी व तालाब की ओर जाने का पुराना आम रास्ता है। इससे हम रोजाना आते-जाते हैं। इसे बंद करने की नीयत से हितेंद्र सिंह राजपूत पुत्र भगत, पर्वत सिंह पुत्र मान सिंह, लाल सिंह पुत्र प्रताप सिंह और अन्य दीवार बनाकर रास्ता बंद कर रहे थे। हमने ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्राम सचिव को सामूहिक रिपोर्ट दी। पंचायत ने 2 जनवरी को सभी को पाबंद करते हुए दीवार और अन्य काम रोकने का नोटिस चस्पा कर दिया। रविवार 5 जनवरी को आरोपियों ने फिर दीवार का काम शुरू कर दिया। पंचायत ने नोटिस चिपकाया, फिर भी नहीं माने हमने कहा कि पंचायत ने नोटिस जारी किया है। 10 दिसंबर सुनवाई की तारीख तय है। रास्ता बंद मत करो। हमने सरपंच और सदर थाना इंचार्ज को फोन किया है। आरोपियों से कहा कि अभी आप रुक जाओ। इतना सुनकर हितेंद्र, लाल सिंह, युवराज, बनजी, ललित, बंटी, विक्रम, दीपेंद्र, ऋषि, किशन, राजू, दरोगा भंवर सिंह, छोटू, कुलदीप, राज सिंह व 30-40 लोगों ने हमसे गाली-गलौज शूरू कर दी। आरोपियों ने कहा- यहां से भाग जाओ वरना जान से मार देंगे। इसके बाद हम पर हमला कर दिया। लड़कियों के साथ भी मारपीट, अभद्रता और गाली गलौज की। कहा कि लड़कियों का ऐसा हाल करेंगे कि मुंह दिखाने के लायक नहीं रहेंगी। वे उन्हें गिराकर घसीटने लगे। बाल पकड़े, टीशर्ट और कपड़े फाड़ दिए। हमारी बेटियों से लात-घूंसों से मारा। जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। लड़कियों के शरीर पर नाखून की खरोंचों के निशान हैं। सिर और पैर में चोट लगी। हमारे पक्ष के लोगों को अंदरूनी चोटें आई हैं। हमलावरों से बचकर हम घर की तरफ भागे और 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर मौजूद कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाया। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। वीडियो में क्या सामने आए वीडियो में बुजुर्ग, महिलाएं, लड़कियां, युवक और कुछ अन्य लोग नजर आ रहे हैं। एक युवक कहता है- हां, दीवार हटा दी मुझसे पंगा मत लो। लड़की कहती है- हमारा रास्ता तो छोड़ो हम उड़कर थोड़े जाएंगे। हम वीडियो बना रहे हैं। दोनों तरफ के लोग एक दूसरे का वीडियो बनाते नजर आते हैं। बुजुर्ग दीवार के लिए लगाई गई लोहे की जाली खींचता है। वह कहता है- पांच फीट का रास्ता था। इस दौरान लड़कियां लोहे का जाल पकड़कर खींचने लगती हैं। साथ आए युवक भी जाली को तोड़ने की कोशिश करते हैं। इस दौरान लड़कियां गिर भी जाती हैं। लड़कियों ने तारबंदी को तोड़कर गिराया उधर बुजुर्ग और दबंग में लगातार तू-तू मैं-मैं चलती है। एक लड़का कहता है- इनका वीडियो बनाओ। लड़की कहती है- ये रास्ता नहीं छोड़ रहे हैं। खींचो, जाल को हटा दो। इन लोगों को बोलने की तमीज नहीं है। इस दौरान जाल जमीन पर गिर जाता है। दबंग पक्ष का एक व्यक्ति जाल समेटता है। इस दौरान एक युवक अचानक लड़कियों पर थप्पड़ बरसाने लगता है। एक लड़की की टीशर्ट खींचकर वह उसे जमीन पर गिरा देता है। एक महिला की आवाज आती है- छोरियों पर थप्पड़ बरसाए, अब तो मामला थाने में जाएगा। दबंग पक्ष के लोग भी वीडियो बनाते हैं। वे उन्हें जाने का इशारा करते हैं। कहते हैं- चलो, अब उधर चलो। दबंग पक्ष की महिला भी लड़कियों को धमकाने लगती है। इस दौरान लड़की वीडियो बनाने की बात कहती है तो दंबग युवक दोबारा लड़की पर झपटता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *