कोटा इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (KEDL) पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। कोटा की इस बिजली कंपनी के खिलाफ बिजली उपभोक्ता संरक्षण समिति ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति के संयोजक हिम्मत सिंह हाड़ा ने कहा- वर्ष 2016 में सरकार ने KEDL को सेवाएं सुधारने, मेंटिनेंस, अंडरग्राउंड लाइन और बिजली चोरी व लॉस नियंत्रण का जिम्मा दिया था। परंतु आज तक कंपनी शर्तों पर खरी नहीं उतरी। ट्रायल अवधि से लेकर अब तक जनता ने विरोध-प्रदर्शन किए। कई बार अव्यवस्थाओं को सरकार व प्रशासन के सामने उजागर किया। उन्होंने आरोप लगाए कि कंपनी ने जयपुर डिस्कॉम के करोड़ों रुपए के उपकरण खुर्द-बुर्द किए और गलत तरीके से भुगतान उठाया। वहीं उपभोक्ताओं की गलत विजिलेंस चेकिंग रिपोर्ट (VCR) भरकर खुद रकम वसूल ली। आरोप- कंपनी ने हजारों उपभोक्ताओं से वसूली अवैध VCR हिम्मत सिंह ने बताया- कंपनी ने हजारों उपभोक्ताओं पर जबरन अवैध VCR भर दिए। भारी-भरकम राशि वसूली। वहीं जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) में ये रकम जमा नहीं कराई। कई उपभोक्ताओं को मनमाने तरीके से अतिरिक्त लोड दिखाकर लाखों के नोटिस जारी किए गए। वर्ष 2018 में सम्राट सैनी जैसे कई उपभोक्ताओं को गलत VCR देकर 90 लाख से अधिक की देनदारी थोप दी गई। समिति का दावा है कि ऐसे हजारों मामले आज भी कोर्ट में लंबित हैं और KEDL के खिलाफ दर्ज कई मुकदमों में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। जयपुर डिस्कॉम के करोड़ों रुपए के उपकरण किए खुर्द-बुर्द
हिम्मत सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी ने जयपुर डिस्कॉम का सरकारी सामान जैसे कंडक्टर, वायर, पोल, ट्रांसफार्मर को हटाकर करोड़ों के उपकरण खुर्द-बुर्द किए और गलत तरीके से भुगतान उठाया। साथ ही बिजली मीटरों की तेज रीडिंग और खराबी की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच न करने, फर्जी तकनीकी स्टाफ लगाकर उपभोक्ताओं की सुरक्षा को खतरे में डालने के भी आरोप लगाए। ऊर्जा मंत्री की बनाई कमेटी कर रही जांच
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर द्वारा 4 नवंबर 2025 को गठित कमेटी ने भी KEDL में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं पाई। वहीं समिति मांग कर रही है कि जांच कमेटी में समाजसेवी हिम्मत सिंह को शामिल किया जाए, ताकि जांच पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके। यह खबर भी पढ़ें… बिजली कंपनी की करतूत, थमाया 99 लाख का बिल:कोटा की कच्ची बस्ती में रहने वाला परिवार शॉक्ड, लास्ट डेट के बाद एक करोड़ जमा कराने होंगे निजी बिजली कंपनी केईडीएल (कोटा इलेक्ट्रिक डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड) ने एक परिवार को करीब 3 साल पहले झटका दिया था। कंपनी ने कच्ची बस्ती में रहने वाले एक साधारण परिवार को 99 लाख रुपए का बिजली का बिल भेज दिया था। बिल के कारण परिवार सदमे में चला गया। लास्ट डेट तक बिल नहीं चुकाने पर बिल की राशि पेनल्टी सहित एक करोड़ रुपए बताई थी। (पूरी खबर पढ़ें)


