रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट का 2025 में पूर्ण विस्तार होगा। यहां यात्रियों की क्षमता दोगुनी हो जाएगी। बड़े महानगरों के एयरपोर्ट की तरह यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस विस्तारीकरण के लिए इसी माह टेंडर हुआ है। टेंडर के अनुसार 2025 में विस्तारीकरण के सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। बालाजी कंस्ट्रक्शन को टेंडर दिया गया है। टेंडर 10 करोड़ रुपए का है। यह जानकारी एयरपोर्ट डायरेक्टर आरआर मौर्या ने दी। उन्होंने कहा कि रांची एयरपोर्ट में वर्तमान में एक समय में 1000 यात्रियों की क्षमता है, जो बढ़कर 2000 यात्रियों की हो जाएगी। सिक्योरिटी चेक के काउंटर 3 से बढ़कर 8 हो जाएंगे। एयरपोर्ट के अंदर के कॉमर्शियल एरिया में सुविधाएं विश्वस्तरीय होंगी। आगमन -प्रस्थान द्वार के अलावा पार्किंग, बैठने की जगह और एयरलाइंस के काउंटर्स का विस्तार होगा। टर्मिनल के बाहर का शेड बनकर लगभग तैयार बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लोगों को हाई प्रोफाइल सुविधाएं मिलेंगी। कैंटीन से लेकर लाइब्रेरी या लाउंज तक का विस्तार किया जाएगा। पार्किंग एरिया में इसी माह बदलाव आएगा। पार्किंग की परेशानी से यात्री को पूरी तरह से छुटकारा मिल जाएगा। टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर शेड का विस्तार लगभग पूरा हो गया है। यात्रियों को बारिश और धूप में सुविधा होगी। रांची में लगातार बढ़ रहे हवाई यात्री : आरआर मौर्या एयरपोर्ट डायरेक्टर आरआर मौर्या ने कहा कि एयरपोर्ट प्रबंधन यात्रियों की सुविधा को लेकर काफी गंभीर है। यात्रियों की सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। एयरपोर्ट में डेवलपमेंट के कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट में प्रति वर्ष यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। 2023-24 में औसतन प्रति दिन 6500 यात्रियों का आना-जाना था। इस वर्ष प्रति दिन 8000 यात्रियों का आना-जाना है। क्या-क्या बदलाव आएंगे 86 करोड़ रुपए से बन रहा पैरेलल फ्लाइट ट्रैक बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पैरेलल फ्लाइट ट्रैक (टैक्सी ट्रैक) के लिए पिछले साल 86 करोड़ रुपए का टेंडर हो चुका है। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि पैरेलल टैक्सी ट्रैक बनने के बाद अराइवल और डिपार्चर में गैप 4 से 5 मिनट कम हो जाएगा। अभी गैप 6-7 मिनट का है। इससे रनवे जल्द खाली हो जाएगा और हर दो मिनट के अंतराल पर विमान उतर सकेंगे।


