निवेशकों के ठहरने की जिम्मेदारी देने की तैयारी आगामी 24-25 फरवरी को भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होगी। इसमें 20 हजार उद्योग प्रतिनिधि तो एक हजार विदेशी निवेशक आएंगे। राजधानी में पहली बार हो रहे इतने बड़े आयोजन को देखते हुए उद्योग विभाग अब खास मेहमानों की खातिरदारी को लेकर बड़ी इंडस्ट्रीज से मदद मांग रहा है। उद्योग विभाग ने कुछ बड़े उद्योग संगठनों से संपर्क कर सहायता मांगी है।
सरकार का प्रस्ताव है कि प्रदेश की बड़ी इंडस्ट्रीज खास मेहमानों की जिम्मेदारी ले लें और उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं का इंतजाम अपनी सुविधाओं में करें। ताकि मेहमानों को एक यादगार अनुभव दिया जा सके। मुख्यमंत्री पहले ही आगंतुकों के लिए होम स्टे की व्यवस्था करने के लिए कह चुके हैं। अब तक अधिकांश समिट इंदौर में हुई हैं, जहां बड़े आयोजनों के मुताबिक इंफ्रास्ट्रक्टर मौजूद है। जबकि राजधानी में ऐसा बड़ा आयोजन पहली बार हो रहा है। इंडस्ट्री की तरफ से सुझाव यह भी आया है कि सभी बड़े उद्योग संगठनों को आयोजन में जिम्मेदारी दी जाए। राजधानी में 5 स्टार और 4 स्टार होटलों के समकक्ष 600 से 650 रूम उपलब्ध हैं, वहीं 2 स्टार और 3 स्टार समक्ष रूम की संख्या लगभग 1000 से 1200 है। आयोजन से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि भले ही हजारों मेहमान आ रहे हों, लेकिन उनमें से अधिकांश कार्यक्रम अटेंड करके उसी दिन वापस चले जाएंगे। इसलिए होटल रूम बहुत बड़ी संख्या में नहीं चाहिए। इंदौर जैसे लाइव स्टॉल लगाने पर भी हो रहा विचार 2023 में इंदौर में हुई जीआईएस में कई उद्योगों के उत्पादन के लाइव स्टॉल लगाए गए थे। मेहमानों विशेषकर विदेशों से आए उद्योग प्रतिनिधियों को ये स्टाल बहुत पसंद आए थे। मेटल वर्क, हथकरघा, चंदेसरी आर्ट, वुड आर्ट, कार्विंग, जैम मेकिंग जैसे कामों को लाइव स्टाल पर दिखाया गया था। भोपाल के आयोजन में भी इस तरह के प्रयोग पर विचार है, पर मानव संग्रहालय में जगह सीमित होने से दिक्कत आ रही है। ब्रांडिंग पर भी काम
जीआईएस में भोपाल और आसपास के क्षेत्रों की बड़ी कंपनियों की ब्रांडिंग की जाएगी। इसके लिए उद्योग विभाग ने बड़ी कंपनियों के ऑडियो-विजुअल बनाने के निर्देश दिए हैं । हम हरसंभव मदद करेंगे
हर राज्य में इन्वेस्टर्स समिट राजधानी में होते रहे हैं। ये गर्व का विषय है कि भोपाल को पहली बार जीआईएस की मेजबानी मिली है। सरकार से चर्चा हुई है, बड़े उद्योग संगठन होने के नाते हम हर संभव मदद करेंगे।
राजीव अग्रवाल, अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ आल इंडस्ट्रीज मंडीदीप


