स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में जालंधर को स्पोर्ट्स सिटी का थीम दिया गया। इस थीम का आधार बर्ल्टन पार्क में नया बनने वाला स्पोर्ट्स हब था। लेकिन यह प्रोजेक्ट 10 साल के लंबे इंतजार के बाद डंप कर दिया गया। स्पोर्ट्स हब में यहां पर क्रिकेट और हॉकी के अलावा अलग-अलग गेम के ग्राउंड बनने थे। सबसे बड़ा दर्द क्रिकेट प्रेमियों का है जिनका पुराना स्टेडियम 2011 में तोड़ दिया गया और नया आज तक नहीं बना। पहले 5 साल नगर निगम अपने फंड मैनेजमेंट से स्टेडियम बनाना चाहता था और इसके बाद स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया गया। दो बार प्लानिंग के बावजूद प्रोजेक्ट असफल रहा। इस बीच लोक निर्माण विभाग ने नई उम्मीद दी है। बर्ल्टन पार्क क्रिकेट स्टेडियम में नया पवेलियन बनाने का काम आरंभ कर दिया गया है। मंगलवार को मौके पर पवेलियन प्रोजेक्ट के लिए फाउंडेशन बनाने का काम आरंभ किया गया है। क्रिकेट स्टेडियम में पवेलियन बनने के बाद अलग-अलग इवेंट्स के लिए सुविधा मिल जाएगी। महिला क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को नई शुरुआत मिलने जा रही है। पवेलियन के निर्माण के दौरान खाली जगह का इस्तेमाल किया गया है। क्रिकेट स्टेडियम में लंबे समय से विकास नहीं हो सका था। यह उम्मीद थी कि स्मार्ट सिटी के फंड से यहां पर दूसरे राज्यों की तरह आधुनिक क्रिकेट ग्राउंड बनेगी। मगर योजना बंदी में कमियों के कारण वर्ष दर वर्ष बीतते गए। इसका निर्माण आरंभ नहीं हो सका है। स्पोर्ट्स हब प्रोजेक्ट में क्रिकेट के अलावा जो हॉकी की नई टर्फ स्थापित होनी थी, इसकी योजना भी लंबित हो गई। इस बीच लोक निर्माण विभाग की योजना से क्रिकेट खिलाड़ियों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा। पिछले साल अगस्त महीने में पंजाब लोक निर्माण विभाग ने टेंडरिंग प्रोसेस आरंभ किया था। अब इसके अनुसार निर्माण कार्य चल रहा है। जालंधर में रणजी मैच हो सकेंगे… डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अरमिंदर सिंह ने कहा कि राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की निधि से ये प्रोजेक्ट आरंभ किया गया है। ये सुविधा मिलने के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से जालंधर रणजी मैचों की मेजबानी के योग्य बन जाएगा। राज्य स्तरीय अलग-अलग मैच हो सकेंगे। पवेलियन में खिलाड़ियों के लिए जरूरत की सारी सुविधाएं रहेंगी। ये महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। क्रिकेट स्टेडियम में चल रहा नई पवेलियन की फाउंडेशन का काम । प्रोजेक्ट डिटेल नाम : विमेन पवेलियन 1,2 स्टेडियम : पंजाब क्रिकेट स्टेडियम। बिड नंबर : 8(12.8.24) फंड : सेल्फ फाइनेंस। खर्च : 6454367 खासियत : पवेलियन में खिलाड़ियों के लिए संपूर्ण सुविधा। दर्शकों के बैठने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर।


