टोंक के जनाना हॉस्पिटल के औचक निरीक्षण में दीवारों पर गुटका पीक और टॉयलेट में गंदगी देखकर न्यायाधीश नाराज हुए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर सिस्टम भी चेक किया और अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों को साफ-सफाई तुरंत बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं टॉयलेट में गंदगी दिखाई देने पर सफाई रखने के निर्देश दिए। जनाना अस्पताल में लंबे समय से गंदगी की शिकायतें सामने आ रही थीं। सफाई व्यवस्था पुख्ता नहीं होने से मरीजों और तीमारदारों को लगातार परेशानी हो रही थी। इसी संज्ञान में लेकर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे न्यायाधीश जलथुरिया अस्पताल पहुंचे और वार्डों, टॉयलेट-बाथरूम, सीढ़ियों व अन्य हिस्सों का निरीक्षण किया। फायर सिस्टम की व्यवस्था भी जांची निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में लगे फायर सिस्टम को भी चेक किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सुरक्षा और साफ-सफाई, दोनों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टाफ को स्पष्ट निर्देश: साफ-सफाई में लापरवाही न हो सफाई अव्यवस्थित देखकर उन्होंने जनाना अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर एस.एन. चौधरी और पीएमओ डॉक्टर हनुमान बैरवा को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को तुरंत सुधारें। उन्होंने कहा कि गंदगी से न सिर्फ मरीज, बल्कि तीमारदार और अस्पताल स्टाफ भी प्रभावित होता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी।


