झारखंड मुक्ति मोर्चा के टुंडी विधायक और पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो ने बुधवार को बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सरकार गंभीर है। राज्य में बजट सत्र के बाद सरकार स्थानीय निकाय के चुनाव पर निर्णय ले सकती है। मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि राज्य में दोबारा हेमंत सोरेन सरकार बनने के पीछे महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है। विपक्ष हमेशा से कह रहा था कि मंईयां सम्मान योजना चुनावी मुद्दा है। लेकिन राज्य सरकार ने महिलाओं के खाते में 2500 रुपए की सम्मान राशि भेज कर यह साबित कर दिया है कि हेमंत सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। इससे पूर्व स्थानीय झामुमो नेता सूरज झा ने पूर्व मंत्री के पूजा-अर्चना की पूरी व्यवस्था की। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मथुरा प्रसाद महतो बसंती मंडप में आयोजित शाकंभरी दुर्गा पूजा में भी मां के दर्शन और पूजन करने के लिए गए।


