बैतूल में 20 दिन पहले बीजादेही थाना इलाके के डोल जाम में पेड़ पर लटकी मिली युवक की लाश मामले में परिवार वालों इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवक की हत्या के लिए प्रेम प्रसंग वजह बताई जा रही है। पांडाझिरी गांव के युवक नितिश धुर्वे ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए अपने चाचा श्रीपाल धुर्वे की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की है। नितिश ने आरोप लगाया है कि चाचा की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते डोलजाम गांव के कुछ लोगों ने की और उनकी लाश को पेड़ पर लटका दिया गया। नितिश ने आरोप लगाया कि उसके चाचा श्रीपाल धुर्वे का डोलजाम निवासी युवती से प्रेम संबंध था। वह उससे मिलने 19 दिसंबर को डोलजाम गया था। उसने अपने चाचा को गांव के बाहर बालई रोड पर छोड़ दिया था। बाद में नितिश को 10-12 लोगों ने धमकाया, मोटरसाइकिल छीन ली और एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा। 20 दिसंबर को सुबह श्रीपाल धुर्वे की लाश एक महुए के पेड़ पर लटकी मिली। आरोप है कि इन लोगों ने श्रीपाल की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए उनकी लाश को पेड़ पर टांग दिया। परिजनों का आरोप है कि बीजादेही पुलिस ने घटना की सूचना के बावजूद अब तक उनके बयान दर्ज नहीं किए हैं और ना ही हत्या के पीछे की साजिश की जांच की है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि मृतक के मोबाइल और महिला की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया इस मामले में बीजादेही थाना प्रभारी रवि शाक्य ने बताया कि मृतक की मर्ग जांच में यह मामला आत्महत्या का निकला है। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर्स ने इसे हैंगिंग बताया है। उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था।उसे देख लिए जाने के बाद वह भागकर अपनी बहन के घर पहुंच गया था। दूसरे दिन वह खेत चला गया।जहां उसकी लाश पेड़ पर लटकी मिली।आशंका है कि बदनामी के डर से उसने सुसाइड किया है।


