आगरा में चलती कार में आग लग गई। कार में सवार लोगों ने कार से निकल कर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। कार पूरी तरह से जल गई है। कार में सवार लोग सुरक्षित हैं। बाराखंभा रेलवे फाटक से नगला छउआ की ओर जाने वाले मार्ग पर रेलवे पुल के पास एक कार जा रही थी। चलती कार में अचानक चिंगारी निकली और आग लग गई। कार में सवार लोगों ने फटाफट कार से निकल कर अपनी जान बचाई। कार में सवार लोगों ने ही आग बुझाने की कोशिश की। मिट्टी डाली। पानी डाला। लेकिन आग भड़कती चली गई। इससे रोड पर चलने वाले लोग रुक गए। ट्रैफिक रूक गया। कार से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया। कार मालिक विजय कुमार सहाय ने बताया कि बच्चों की छुट्टी की वजह से वे आगरा घूमने आए थे। बुधवार को वे फतेहपुर सीकरी गए थे। वहां से लौटते समय चिंगारी निकली। जाम में फंसी रही कार
विजय कुमार ने बताया कि रेलवे पुल के पास बहुत जाम था। इसी जाम में शायद कार हीट हुई। विजय कुमार का कहना है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी को आने में समय लग गया। अगर फायर ब्रिगेड समय से आ जाती तो कार बच सकती थी। कार में उनकी पत्नी और बच्चे थे।


