गाय को रोटी खिलाने पर महिला से मारपीट:पीड़िता बोलीं- बाल पकड़कर नीचे पटका, लात-घूंसे मारे; FIR दर्ज

शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र की वन विहार कॉलोनी में गाय को रोटी खिलाने की बात पर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी ने गाली-गलौज के बाद महिला के बाल पकड़कर उसे नीचे पटक दिया और लात-घूंसों से पीटा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता पूजा परिहार (25) ने पुलिस को बताया कि बीते रोज वह अपने घर के पास पड़ोसी जीतू परिहार की गाय को रोटी खिला रही थी। इसी दौरान जीतू मौके पर आया और गाली-गलौज करने लगा। पूजा ने विरोध किया तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि जीतू परिहार ने पूजा के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान पूजा के सिर, बाएं हाथ की कलाई और कमर में चोटें आईं। सास और जेठानी ने बचाया शोर सुनकर पूजा की सास सुशीला परिहार और जेठानी सुनीता मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद आरोपी मौके से चला गया। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय जीतू परिहार ने धमकी दी कि अगर वह दोबारा उसकी गाय को रोटी खिलाने आई तो उसे जान से मार देगा। धमकी के कारण वह तुरंत पुलिस के पास नहीं जा सकी। थाने में दर्ज कराया मामला बाद में पूजा अपने पति अतर सिंह परिहार के साथ फिजिकल थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। फिजिकल थाना पुलिस ने आरोपी जीतू परिहार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *