प्रतापगढ़ पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय मीणा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दीपक कुमार की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। एक साल पहले का मामला गौतमनगर निवासी अब्बास बोहरा ने 7 नवंबर 2024 को इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की शाम 7 बजे वे परिवार सहित मुंबई जियारत के लिए घर से निकले थे। टैबलेट, लैपटॉप और बाइक चोरी 7 नवंबर की सुबह 5:30 बजे जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर लाइटें जली हुई थीं और टीवी के नीचे रखे दो सैमसंग टैबलेट, फुजीत्सु और एचपी कंपनी के दो लैपटॉप व आरजे 35 एसपी 7186 नंबर की टीवीएस राइडर बाइक गायब थी। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान प्रतापगढ़ पुलिस ने पहले जसवंत बघेल, लखन मीणा और गोविंद मीणा को गिरफ्तार किया था। उस समय चोरी हुई मोटरसाइकिल और एचपी कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि चोरी का शेष सामान आरोपी विजय मीणा के पास है। इसके बाद तालाबखेड़ा निवासी आरोपी विजय मीणा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की गई। विजय मीणा की निशानदेही पर फुजीत्सु कंपनी का लैपटॉप चार्जर सहित और एक सैमसंग टैबलेट बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से पूर्व में भी 6 बाइक बरामद की जा चुकी हैं। इस बरामदगी में कॉन्स्टेबल मान सिंह की विशेष भूमिका रही।


