कारों के कांच फोड़कर इलाके में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को द्वारकापुरी पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने इलाके में उसका जुलूस निकाला और उठक-बैठक लगवाई। आरोपी बोला कि आज के बाद कोई गलती नहीं करुंगा। सूर्यदेव नगर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने कारों पर पत्थर बरसाकर कांच फोड़ दिए थे। उन्होंने कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया था। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे। इसमें एक आरोपी रोहित नाडेला की पहचान हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वह कुंदन नगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसका इलाके में जुलूस निकाला। शराब पीने के बाद हुआ झगड़ा, गुस्से में की तोड़फोड़ डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि द्वारकापुरी इलाके में तीन-चार लोगों ने नशे की हालत में कारों के कांच फोड़े और बाइक को भी नुकसान पहुंचाया था। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था। आरोपी को कल रात को ही पुलिस ने हिरासत में लिया और विधिवत कार्रवाई की। पूछताछ में ये पता चला कि रात में उन्होंने शराब पी और वे रात करीब 12:30 निकले। इस दौरान रास्ते में उनका किसी से झगड़ा हो गया। यहां से निकलने के बाद उन्होंने गुस्से में इस वारदात को अंजाम दिया था। इलाके में फैलाई थी दहशत आरोपियों ने नशे की हालत में कारों के कांचों पर पत्थर फेंके थे। घटना के बाद इलाके के रहवासी द्वारकापुरी थाने पहुंचे और घटनाक्रम बताते हुए शिकायती पत्र सौंपा। वहीं एक अन्य महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था जिसमें आरोपी वारदात करते नजर आ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे और वारदात करने वालों की तलाश शुरू की।


