मंत्री सारंग बोले- हर विधानसभा में बनेगा खेल परिसर:खरगोन में कहा- पुलिस और सेना में जाने युवाओं को प्रशिक्षित करेंगे

खरगोन में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि हर विधानसभा में खेल मैदान बनाया जाएगा। पुलिस और सेना में जाने इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर खरगोन के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। खेल, युवा एवं सहकारिता मंत्री सारंग ने कहा कि ये दो वर्ष विकास और कल्याण के लिए बेमिसाल रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित ‘डबल इंजन’ की परिभाषा और मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदेश में विकास व कल्याण को आगे बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख किया। मंत्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्ष 2025 को औद्योगिक वर्ष के रूप में स्थापित किया है। यह वर्ष औद्योगिक और रोजगार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) और रीजनल समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश आकर्षित किया गया है। उन्होंने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी सहित हर वर्ग के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने के प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने और इंदौर-भोपाल में मेट्रो सेवा शुरू होने की जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 10 लाख और ग्रामीण क्षेत्रों में 11 लाख 46 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सारंग ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा। युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और पुलिस व सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं को ‘पार्थ योजना’ के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर डाक टिकट और सिक्के जारी करने का भी उल्लेख किया। यह कॉन्फ्रेंस कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई थी, जिसमें सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मने सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। दूसरी ओर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाईक ने भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन दो वर्षों में कुछ खास नहीं किया है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और सिंचाई परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। नाईक के अनुसार, सरकार केवल विकास का ढिंढोरा पीट रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *