किसानों को 2027 तक दिन में मिलेगी बिजली:ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा- राज्य सरकार ने 2 साल में जन घोषणा पत्र के 75% वादे किए पूरे

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा राज्यमंत्री और बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने सरकार की उपलब्धियां बताई । उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र के 75 प्रतिशत वादों को मात्र दो साल में पूरा कर लिया है। नागर ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में यह पहली सरकार है, जिसने बजट घोषणाओं के साथ-साथ उनके जमीनी क्रियान्वयन को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर मॉनिटरिंग के कारण ही विकास कार्य धरातल पर उतर पाए हैं। ईआरसीपी (ERCP) परियोजना का जिक्र करते हुए ऊर्जा राज्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने इस परियोजना को राजनीतिक टकराव का जरिया बनाए रखा, जबकि वर्तमान सरकार ने पहले ही साल में इसे लागू किया। वर्तमान में आमजन की प्यास बुझाने और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 9 हजार करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं। किसानों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए ऊर्जा राज्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 तक राज्य के अन्नदाताओं को सिंचाई के लिए रात के बजाय दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य के विद्युत तंत्र को बड़े स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकार अपने इस संकल्प को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। ऊर्जा राज्यमंत्री ने विगत दो साल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अर्जित प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 12,880 करोड़ से अधिक की लागत के कार्य पूर्ण हो चुके है और कई कार्य प्रगति पर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *