13 करोड़ गबन मामले में एक और गिरफ्तारी:बैतूल पुलिस ने इंदौर से पकड़ा, 3.27 करोड़ रुपए इसी के पास पहुंचे थे

बैतूल पुलिस ने जनपद पंचायत भीमपुर और चिचोली में हुए 13 करोड़ रुपए से अधिक के गबन मामले में शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इंदौर निवासी पंकज यादव (35) के रूप में हुई है। उसे इंदौर से पकड़ा गया है। यह मामला 19 मार्च 2025 को जिला समन्वयक अधिकारी इंदिरा मेहतो द्वारा चिचोली थाने में दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में बताया गया था कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद पंचायत भीमपुर और चिचोली में 13 करोड़ 21 लाख रुपए से अधिक की राशि का गबन किया गया है। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 120 (बी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह इस मामले में चौथी गिरफ्तारी है। पुलिस की विवेचना में सामने आया है कि गबन की गई राशि में से करीब 3 करोड़ 27 लाख रुपए आरोपी पंकज यादव के पास पहुंचे थे। पूछताछ में पंकज ने बताया कि यह रकम उसे पहले से गिरफ्तार आरोपी युमेंद्र उर्फ दीपक रहांगडाले के माध्यम से मिली थी। पंकज यादव ने स्वीकार किया कि उसने युमेंद्र के कहने पर राजेंद्र और उसकी पत्नी से कुछ राशि नकद और कुछ बैंक खाते के माध्यम से प्राप्त की थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इंदौर में एक हॉस्टल चलाता है और उस पर लिए गए लोन का दबाव था। इसी दौरान गीता भवन क्षेत्र में उसकी पहचान युमेंद्र से हुई थी, जिसने उसे पैसों की जरूरत पूरी करने का लालच दिया था। पुलिस ने आरोपी पंकज यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *