देवघर के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा कराने के नाम पर ऑनलाइन बुकिंग के जरिए करोड़ों रुपए का फर्जीवाड़ा हुआ है। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब हैदराबाद से ऑनलाइन बुकिंग कर पूजा करने पांच लोग पहुंचे। जानकारी के मुताबिक जब मंदिर पहुंच कर उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो बात नहीं हो सकी। इसके सभी मंदिर प्रबंधन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्हें पता चला कि मंदिर प्रबंधन की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था ही नहीं है। इसके बाद उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ। वहीं मंदिर प्रबंधन भी आश्चर्य में पड़ गया। जसीडीह का निकला फर्जीवाड़ा करने वाला यात्रियों ने मंदिर प्रबंधन को बताया कि उन्होंने बाबा धाम ऑनलाइन पूजा सर्विस नाम की वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग कराई थी। उन्होंने मंदिर प्रबंधन को उपलब्ध जानकारी दी। इसके बाद दिए गए नंबर पर मंदिर प्रबंधन की ओर से संपर्क किया गया। फोन कंपनी वाले ने उठाया। उससे पूरी बात पूछी गई। बाबा मंदिर व पंडा धर्म रक्षिणी सभा के अधिकारियों ने वेबसाइट चलाने वाले को मंदिर में बुलाया। वह आया भी। मंदिर प्रबंधन ने उससे पूरी जानकारी ली। उसने तमाम जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक वह जसीडीह के अमरपुर मुहल्ले का रहने वाला है। इसके बाद वेबसाइट चलाने वाले को भेज दिया गया। मंदिर प्रभारी बोले- एफआईआर कर होगी जांच इधर मामले की जानकारी मंदिर प्रभारी सह एसडीएम रवि कुमार को भी दी गई। वहीं बाबा मंदिर व पंडा धर्म रक्षिणी सभा के अधिकारियों ने वेबसाइट चलाने वाले को फिर से बुलाने की शर्त पर वापस जाने दिया। मंदिर प्रभारी सह एसडीएम रवि कुमार ने मामले पर संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच कराने की बात कही है। हालांकि अब तक इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है। वहीं ठगी के शिकार हुए लोगों ने मंदिर प्रबंधन से लिखित शिकायत की है। वहीं इससे जुड़े तमाम दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। 9,117 लोगों से वसूले 4.64 करोड़ वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अलग-अलग तरह की पूजा के लिए अलग-अलग चार्ज तय किए गए हैं। सामान्य पूजा के लिए प्रति व्यक्ति 51 सौ रुपए चार्ज है। जबकि इस वेबसाइट पर अब तक 9,117 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा रखा है। इस तरह से वेबसाइट संचालक ने 4.64 करोड़ की ठगी लोगों से कर ली है। वेबसाइट पर कांवर यात्रा, रूद्राभिषेक, पूजा-अनुष्ठान और मंत्रजाप के नाम पर पैकैज दिए गए हैं। इन सभी के लिए अलग-अलग चार्ज हैं। फिलहाल मामला सामने आने के बाद वेबसाइट मेंटनेंस में चल रहा है। अधिकांश सेवा को कमिंग सून दिखाया जा रहा है।
——————————-
देवघर मंदिर से जुड़ी इस खबर को भी पढ़ें
देवघर में 11 हजार दीजिए…पंडा बनाकर 15 मिनट में दर्शन:48 घंटे के स्टिंग ऑपरेशन में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन का अवैध धंधा करने वाले बेनकाब 22 जुलाई से देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावण मेला शुरू होने वाला है। श्रद्धालु भागलपुर के सुल्तानगंज से जल भरकर देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में चढ़ाते हैं। रोजाना लाखों कांवरिए जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। सावन के सोमवार को भीड़ दोगुनी हो जाती है। जहां भोले के भक्त इतनी दूर से उनकी पूजा के लिए आते हैं, वहां दर्शन के नाम पर करोड़ों का खेल चल रहा है। हर दिन लाखों श्रद्धालुओं की श्रद्धा का सौदा किया जा रहा है। दैनिक भास्कर ने पहली बार 48 घंटे के स्टिंग ऑपरेशन में पूरा खेल उजागर किया है। इसमें मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों से लेकर वो चेहरे भी बेनकाब हुए हैं, जो दर्शन के नाम पर सौदा करते हैं। दैनिक भास्कर के खुफिया कैमरे में मंदिर के मुख्य प्रबंधक से लेकर दर्जनों संदिग्ध चेहरे कैद हुए हैं, जो झारखंड सरकार के मंदिर में सुव्यवस्था के दावों पर दाग हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…


