पाली जिले के सुमेरपुर उप जिला अस्पताल में शनिवार को सोनोग्राफी सुविधा की शुरुआत हो गई। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने फीता काटकर सोनोग्राफी मशीन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सुमेरपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को अब अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी अस्पतालों या दूर के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सोनोग्राफी मशीन लगने से गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी जांच गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ आमजन और वृद्धजनों के लिए भी निशुल्क रहेगी। मां वाउचर योजना शुरू मंत्री कुमावत ने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं के लिए मां वाउचर योजना शुरू की गई है। यह योजना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा अप्रैल 2024 में प्रारंभ की गई थी। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को मुफ्त सोनोग्राफी जांच के लिए वाउचर दिए जाते हैं, ताकि वे समय पर जरूरी जांच करवा सकें और स्वस्थ शिशु को जन्म दे सकें। उन्होंने कहा कि सुमेरपुर के सरकारी अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन शुरू होने से मां वाउचर योजना का लाभ अब स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष राहत मिलेगी। सोनोग्राफी मशीन 20 लाख रुपए की लागत से स्थापित अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उप जिला अस्पताल में यह सोनोग्राफी मशीन करीब 20 लाख रुपए की लागत से स्थापित की गई है। मशीन के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और समयबद्ध जांच सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर करण सिंह नेतरा, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, दिनेश सिंह राजपुरोहित, दीपक भाटी, रविकांत रावल, इंद्र सिंह जाखोड़ा, शंकर सिंह काकू, रूपाराम देवासी, लक्ष्मण सिंह, गोवर्धन सिंह, पन्नालाल, जगत सिंह सांडेराव, दिनेश मीणा, छगन सेन, परबत सिंह, सुरेश राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी महिपाल सिंह, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चुण्डावत, सोनोग्राफी प्रभारी डॉ. अश्विनी मौर्या, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. ताराचंद, डॉ. प्रतीक ढाका, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. शकील मोहम्मद, डॉ. मनीष, भरत सोलंकी, ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद गिरी, वरिष्ठ नर्सिंग अधीक्षक दिनेश कुमार सहित चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा।


