डीग-कामा रोड पर रविवार सुबह 2 कारों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक कार में सवार 2 महिलाओं और 1 युवक सहित 3 लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह घटना डीग के दिदावली गांव के पास सुबह करीब 10 बजे हुई। भरतपुर निवासी मुकेश (65), परिता (47) और विमला देवी स्विफ्ट कार में सवार होकर भरतपुर से जुरहरा में एक गमी में जा रहे थे।
घने कोहरे के कारण उनकी गाड़ी कामा की तरफ से आ रही एक अर्टिगा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां मौके पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और चलने की स्थिति में नहीं थीं। सूचना मिलने पर डीग कोतवाली थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एम्बुलेंस से डीग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्हें आगे के इलाज के लिए भरतपुर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
अर्टिगा कार में सवार लोग घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है। हादसे में घायल हुई गाड़ी के ड्राइवर अमित को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज डीग अस्पताल में जारी है।


