बांसवाड़ा में रविवार सुबह दानपुर बॉर्डर क्षेत्र में डूंगरपुर से जबलपुर की ओर जा रही एक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला और ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। मोड़ पर संतुलन बिगड़ा, पलटी गाड़ी जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दानपुर से आगे बॉर्डर क्षेत्र में एक मोड़ के पास हुई। यात्रियों ने बताया कि टर्न की सही जानकारी न होने और वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी पलट गई। हादसा इतना तेज था कि कार सड़क किनारे उलट गई। जबलपुर निवासी दंपती गंभीर घायल हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों की पहचान कुमकुम पांड्या और उनके पति जिम्मी पांड्या, निवासी जबलपुर के रूप में हुई है। वहीं वाहन में सवार एक अन्य यात्री धवल पुरोहित को भी चोटें आई हैं। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए पलटी हुई गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, हॉस्पिटल भिजवाया सूचना मिलते ही दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला और ड्राइवर को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।


