हरदा जिले के 15 बच्चों को हृदय रोग की जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। ये सभी बच्चे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिन्हित किए गए हैं। भोपाल के जेपी अस्पताल में इनके हृदय की जांच की जाएगी। चिन्हित बच्चों को गुरुवार सुबह विशेष वाहनों से भोपाल रवाना किया गया। बच्चों के साथ मेडिकल टीम भी मौजूद रही, ताकि यात्रा और जांच के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। हृदय रोग मिलने पर मुफ्त इलाज जिला समन्वयक आशीष साकल्ले ने बताया कि जांच के दौरान जिन बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि होगी, उनका इलाज निजी अस्पतालों में निःशुल्क कराया जाएगा। इलाज के दौरान दवाइयों, जांच, इलाज, आवागमन और ठहरने की पूरी व्यवस्था मुफ्त रहेगी। मेडिकल टीम रही साथ इस दल में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू वर्मा, डॉ. परमानंद छलोत्रे, शिविर प्रबंधक नीरज मालवीय और दीपक गौर शामिल रहे। टीम बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। समय पर इलाज, बेहतर जीवन का उद्देश्य कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार कराना है, ताकि आगे चलकर बच्चों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सके।


