भुगतान बकाया होने के कारण पाली में ट्रीटमेंट प्लांट संख्या छह 11 नवंबर से बंद था। ऐसे में फैक्ट्रियां बंद होने से कारोबारियों को नुकसान हो रहा था। कारोबारियों ने कोर्ट की शरण ली। इसके बाद आज रविवार को पुलिस की मौजूदगी में पाली के पूनायता औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ट्रीटमेंट प्लांट संख्या छह का संचालन सीईटीपी फाउंडेशन ने अपने हाथ में लेकर प्लांट शुरू किया। अगले तीन-चार दिन में प्लांट पर फैक्ट्रियों का अनट्रीट पानी लेना शुरू कर दिया जाएगा। पुलिस की मौजदूगी में कारोबारी प्लांट में गए
एएसपी विपिन कुमार शर्मा की मौजूदगी में भारी पुलिस जाप्ता पूनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रीटमेंट प्लांट संख्या छह के बाहर तैनात रहा। इस दौरान सीईटीपी फाउंडेशन के अशोक लोढ़ा, एसपी चौपड़ा, प्रवीण कोठारी, कमलेश सत्कार सहित कई कारोबारी प्लांट में गए। अशोक लोढ़ा ने बटन दबाकर प्लांट शुरू किया। नाले में बहता मिला रंगीन पानी
एक तरफ कारोबारी ट्रीटमेंट प्लांट छह का संचालन अपने हाथ में लेने में जुटे हुए थे। दूसरी तरफ पूनायता औद्योगिक क्षेत्र से गुजर रहे नाले में रंगीन पानी बहता मिला। यह पानी सीधा नदी में जा रहा था, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। नाले से गुजर रहे पाइप पर रखे कांटे
बता दें कि दैनिक भास्कर डिजिटल ने गत दिनों स्टिंग कर बताया था कि कुछ फैक्ट्रियों से चोरी-छिपे रंगीन पानी टैंकरों सीवरेज की होदी में खाली किया जा रहा है। होदी में लगे पाइप के जरिए नाले से होते हुए यह दूषित पानी नदी में जा रहा है। रविवार को भास्कर टीम वहां पहुंची तो उस पाइप को ढकने के लिए उस पर कांटे रखे नजर आए। तीन-चार दिन में शुरू हो जाएगा प्लांट
सीईटीपी फाउंडेशन के अशोक लोढ़ा ने कहा कि प्लांट शुरू कर दिया। आवश्यक जांचों के बाद तीन-चार दिन में फैक्ट्रियों का रंगीन पानी प्लांट पर लेना शुरू कर दिया जाएगा।


