फाजिल्का में धुंध के कारण कम मतदान:अबोहर के खुइयां में 50%, बल्लुआना में 46% वोट पड़े, गिनती 17 दिसंबर को

पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। खुइयां सरवर ब्लॉक में 50.2 प्रतिशत और बल्लुआना एट अबोहर ब्लॉक में 45.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन चुनावों में मतदाताओं का रुझान कम रहा। खुइयां सरवर ब्लॉक के 16 जोन के लिए कुल 69 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 60 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। इस ब्लॉक में कुल 68,706 मतदाता थे, जिनमें 36,727 पुरुष, 31,976 महिला और तीन अन्य मतदाता शामिल थे। इनमें से लगभग आधे मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह, बल्लुआना एट अबोहर के 25 जोन के लिए 189 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। यहां 93 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे थे। इस ब्लॉक में कुल 1,85,080 मतदाता थे, जिनमें 99,434 पुरुष, 85,643 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल था। यहां केवल 45 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोट डाले। धुंध के कारण 10 बजे तक बूथ रहे खाली मतदान प्रतिशत कम रहने का एक मुख्य कारण रविवार को पड़ी सीजन की पहली घनी धुंध को माना जा रहा है। सुबह करीब 10 बजे तक धुंध छाई रही। इसके बाद ही मतदाता धीरे-धीरे मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और दोपहर में कुछ कतारें देखी गईं। सुबह के समय मतदान केंद्र लगभग खाली थे, लेकिन दोपहर तीन बजे के बाद शाम 4:30 बजे तक कई केंद्रों पर कतारें लगी रहीं। जानिए… कहां होगी वोटों की गिनती इन चुनावों के लिए वोटों की गिनती 17 दिसंबर को अबोहर के डीएवी कॉलेज परिसर में होगी। खुइयां सरवर ब्लॉक के वोटों की गिनती डीएवी बीएड कॉलेज में की जाएगी। खुइयां सरवर ब्लॉक का स्ट्रांग रूम डीएवी बीएड कॉलेज में बनाया गया है, जहां मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा और कैमरों की निगरानी में रखा गया है। वहीं, बल्लुआना ब्लॉक का स्ट्रांग रूम डीएवी कॉलेज ऑडिटोरियम में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *