बैतूल एकेडमी ने जीता टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 1.55 लाख की इनामी राशि प्रदान की

बैतूल एकेडमी ने स्व. विजय कुमार खंडेलवाल स्मृति टी-20 वाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। रविवार को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में खेले गए फाइनल में बैतूल एकेडमी ने हरदा ब्लास्टर को हराया। विजेता टीम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से 1 लाख 55 हजार रुपये इनाम के रूप में दिए गए। टूर्नामेंट अध्यक्ष रानू वर्मा ने बताया कि हरदा ब्लास्टर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत धीमी रही और मध्यक्रम भी कमजोर पड़ा। हरदा ब्लास्टर 20 ओवर में 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से राज मेहता ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। बैतूल एकेडमी की मून पाठक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि कमल त्रिपाठी ने 2 विकेट झटके। 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैतूल एकेडमी ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और 60 रन पर 5 विकेट खो दिए। इसके बाद मून पाठक और कमल त्रिपाठी ने महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। उनकी मदद से टीम ने 13 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य पूरा किया और खिताब अपने नाम किया। मून पाठक को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, टूर्नामेंट संरक्षक अबिजर हुसैन और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैतूल एकेडमी के सूरज को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। हरदा ब्लास्टर के राहुल बिल्ला को ‘बेस्ट बॉलर’ और अर्पित गौड़ को ‘बेस्ट बल्लेबाज’ का पुरस्कार मिला। उपविजेता टीम को 88 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। इस टूर्नामेंट में 16 टीमों ने भाग लिया, जिसमें रणजी ट्रॉफी और MPL के खिलाड़ी भी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *