धनबाद रेलमंडल के गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे की इंस्पेक्शन ट्रेन में गुरुवार को आग लग गई। ट्रेन में आग देखते ही सबसे पहले बिजली कनेक्शन काटा गया और ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। आग पर काबू पाने में डेढ़ घंटे का वक्त लगा। इसके बाद ट्रेनों की आवाजाही शुरू हुई। रेहला स्थित आदित्य बिड़ला केमिकल इंडिया लिमिटेड से फायर फाइटिंग टीम रेलवे स्टेशन पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। आग से बोगी में रखे सारे सामान जल गए। रेलवे के अधिकारी आग लगने के कारण और नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। खाना बनाने के दौरान लगी आग
रेलवे की इंस्पेक्शन ट्रेन गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन के पास शंटिग लाइन पर खड़ी थी। अचानक इंजन से जुड़ी बोगी में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख रेलकर्मी हरकत में आए और तत्काल स्टेशन परिसर से पानी लाकर बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेज होते गई। इसके बाद रेहला के ग्रासिम इंडस्ट्रीज से फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। चर्चा है कि इंस्पेक्शन ट्रेन की एक बोगी में खाना बनाया जा रहा था। इसी क्रम में आग लग गई। हालांकि इसकी पुष्टि अधिकारी नहीं कर रहे हैं। इंस्पेक्शन ट्रेन बुधवार को गढवा रोड रेलवे स्टेशन पहुंची थी इंस्पेक्शन ट्रेन द्वारा रेलवे के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया जाता है। कई जगहों पर मरम्मत का कार्य भी करने के लिए रेलकर्मी इसी ट्रेन से आना-जाना करते हैं। यह इंस्पेक्शन ट्रेन बुधवार को गढवा रोड रेलवे स्टेशन पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है। आगजनी की घटना के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। आग से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। -सतीश कुमार, स्टेशन सुपरीटेंडेंट


