107 ग्रामीणों के घर के पास बनाए ड्राइविंग लाइसेंस

कोटमी | छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जीपीएम जिले में पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा जनसुविधा व सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत किसानों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर मौके पर ही ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए। धान खरीदी केंद्रों व अन्य स्थानों पर आयोजित शिविरों में कुल 107 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इनमें ग्राम पंचायत पंडरीपानी में 45, धान खरीदी केंद्र पेंड्रा में 19, मरवाही में 16, कोटमी में 12, जन समस्या निवारण शिविर मगुरदा में 11 और पंडित माधवराव सप्रे कन्या महाविद्यालय गौरेला में 4 लाइसेंस बनाए गए। वहीं स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में संचालित 27 स्कूल बसों में से 26 बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खामियां पाए जाने पर तीन बसों पर चालानी कार्रवाई की गई, जबकि सरस्वती स्कूल की एक बस में सीट खराब पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां प्रदान कीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और चालकों को ओवर स्पीड न करने तथा नियमित रूप से वाहन की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *