रहली | मुख्य बस स्टैंड पर जगह की कमी के कारण होने वाली अव्यवस्थाओं को दूर करने गढ़ाकोटा-दमोह की ओर की बसों के लिए दूसरा बस स्टैंड गोपाल जी हाट बाजार में बनाया है लेकिन कुछ बस चालक बसों को गोपालजी हाट बाजार में ले जाने से परहेज करते हुए बसों को गांधी प्रतिमा के पास गढ़ाकोटा रोड की ओर मोढ़ पर जिससे नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, दुकानदारों को परेशानी होती है, हादसे का डर भी बना रहता है। दरअसल गढ़ाकोटा-दमोह की ओर जाने वाली अधिकांश बसें देवरी की ओर से आती हैं, ऐसे में बस चालक देवरी से आने वाले यात्रियों को मुख्य बस स्टैंड पर उतारकर गढ़ाकोटा रोड के मोढ़ पर बस खड़ी कर देते हैं। कुछ बस चालक बस को नाम मात्र के लिए गोपालजी हाट बाजार बस स्टैंड पर ले जाते हैं और मोढ़ पर खड़ा कर देते हैं। मोढ़ पर बसे खड़े होने से आसपास के दुकानदारों को असुविधा होती है। मोढ़ होने के कारण हादसे का डर भी बना रहता है। बस स्टैंड की ओर से आकर गढ़ाकोटा की ओर जाने वाले वाहन मोढ़ पर खड़ी बसों से टकरा सकते हैं। लोगों का कहना है कि जब दो बस स्टेंड निर्धारित किए हैं तो गढ़ाकोटा-दमोह की ओर की बसें गोपालजी हाट बाजार से ही चलना चाहिए।


