अब लगातार ठंड बढ़ेगी

उत्तर से आ रहीं सर्द हवाओं से अचानक से मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों में शहर के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को सुबह से ही धुंध छाई रही और पूरे दिन ठिठुरन महसूस हुई। शाम 5:30 बजे तापमान 20 डिग्री पर आया तो अगले 3 घंटों में पारा 5.6 डिग्री की गिरावट के साथ रात 8:30 बजे 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 28.4 डिग्री था, जो रविवार को गिरावट के साथ 26.2 पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री की गिरावट के साथ 12.2 दर्ज किया गया। रविवार को दिन का तापमान सामान्य रहा, वहीं रात का तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटों में सुबह व शाम को हवा में नमी की मात्रा भी बढ़ी है। सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा 56 से बढ़कर 70 प्रतिशत, तो शाम के समय नमी 49 की जगह 64 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि हिमालय में हुई बर्फबारी के कारण उत्तर से सर्द हवाओं का आना शुरू हो गया है। यही कारण है कि अचानक से दिन के तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा गिरावट आई है। पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे अब लगातार तापमान में गिरावट होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *