अजमेर के दरगाह परिसर सहित शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय मोबाइल चोरों के संगठित गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते मोबाइल चोर गिरोह के छह शातिरों को दबोच कर कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई जा रही है। दरगाह सीओ दिनेश जीवनानी के मुताबिक टीम ने रविवार को दरगाह परिसर, होटल-ढाबों और आसपास के इलाकों में गश्त और चैकिंग के दौरान मोबाइल चोरी करने वाली सक्रिय गैंग को चिह्नित कर दबोचा। एसएचओ दिनेश जीवनानी ने बताया कि रविवार को दरगाह परिसर, होटल-ढाबों और आसपास के क्षेत्रों में गश्त और चैकिंग की गई। गहन निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर गिरोह के गुर्गे मोहम्मद अब्बास, मोहर्रम अली, अब्दुल हकीम, शेख अजुबा, रियाज उर्फ इनायत और मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपी दरगाह थाना क्षेत्र के निवासी हैं और इनके खिलाफ पहले भी संपत्ति संबंधी मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के अलावा गिरोह के अन्य गुर्गों के बारे में जानकारी ली जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक अभी और भी मोबाइल बरामद होने की उम्मीद है।


