हरदा में 21 को करणी सेना का शक्ति प्रदर्शन:लाठीचार्ज और आरक्षण के मुद्दे पर आंदोलन; भीम आर्मी भी करेगी विरोध

हरदा में आगामी 21 दिसंबर को करणी सेना ‘जनक्रांति आंदोलन’ करने जा रही है। यह प्रदर्शन जुलाई माह में राजपूत समाज पर हुए लाठीचार्ज और आर्थिक आधार पर आरक्षण समेत 21 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जाएगा। करणी सेना ने लाखों लोगों के शामिल होने का दावा किया है। इधर, प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। करणी सेना परिवार पिछले तीन महीने से गांव-गांव जाकर संपर्क कर रहा है। जिलाध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत ने बताया कि जिले में 5 हजार से अधिक घरों में आमंत्रण दिया गया है। उन्हें सर्व समाज का समर्थन मिल रहा है। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी जाति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था में सुधार और लाठीचार्ज के दोषी अफसरों पर कार्रवाई के लिए है। भीम आर्मी भी उसी दिन करेगी आंदोलन करणी सेना की कुछ मांगों के विरोध में भीम आर्मी भी 21 दिसंबर को मैदान में उतरेगी। संभागीय अध्यक्ष महेंद्र काशिव का कहना है कि करणी सेना की कुछ मांगे एससी-एसटी कानून को कमजोर करने वाली हैं। इसके विरोध में वे शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से प्रशासन के सामने अपनी बात रखेंगे। कलेक्टर-SP ने किया फ्लैग मार्च दोनों संगठनों के आंदोलन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। रविवार शाम कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और एसपी शशांक ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला और शांति की अपील की। शहर में बैरिकेडिंग शुरू हो गई है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक आयोजन के लिए जगह तय नहीं की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *