कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कई मांग रखी। मंत्री और विधायक ने मण्डावर में सतानन्द कॉलोनी के रेलवे फाटक समस्या, उर्वरक रैक पॉइंट खुलवाने और गोमती एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। गोमती नगर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग मंडावर स्टेशन पर गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर बताया कि लोगों ने गाड़ी संख्या 19715/19716 गोमती नगर एक्सप्रेस का ठहराव करवाने की मांग रखी है। मण्डावर के नजदीक मेहंदीपुर बालाजी, श्रीमहावीरजी जैन मंदिर एवं करौली में कैला देवी का प्रसिद्ध मंदिर होने के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। अंडरपास ब्रिज की मांग मण्डावर में रेलवे फाटक संख्या 82 दिनभर में करीब 80 बार बंद होता है, जिससे दोनों तरफ जाम लग जाता है। इससे करीब 35 गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पडता है। सबसे ज्यादा समस्या तब होती है, जब एम्बुलेंस मरीज या प्रसूता को लेकर अस्पताल जाती है। साथ ही उक्त रेलवे फाटक के दोनों तरफ सरकारी एवं निजी स्कूल है। परीक्षाओं के दिनों में छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। ऐसे में सतानन्द कॉलोनी के रेलवे फाटक पर अण्डर ग्राउण्ड ब्रिज बनवाया जाए। उर्वरक रैक प्वाइंट खुलवाने की मांग कृषि मंत्री ने रेल मंत्री को पत्र सौंपकर रेलवे स्टेशन मण्डावर पर उर्वरक रैक प्वाइंट खुलवाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में एक भी उर्वरक रैक प्वाइंट नहीं है, जिससे जिले में उर्वरकों की आपूर्ति कनकपुरा जयपुर, अलवर, हिण्डोन सिटी, गंगापुर सिटी रैक प्वाइन्टो से करवाई जाती है। जिससे मांग अनुसार समय पर यूरिया एवं डीएपी उर्वरकों की आपूर्ति नहीं होती है। समय पर फसलों के लिए यूरिया एवं डीएपी उर्वरकों की आपूर्ति नहीं होने से किल्लत होती है एवं किसानों को समस्याओं का सामना करना पडता है। ऐसे में किसानों की समस्याओं को देखते रखते हुए मण्डावर रेलवे स्टेशन पर उर्वरक रैक प्वाइन्ट खुलवाई जाए।


